VIDEO : नालंदा जिले के मघड़ा गांव स्थित मां शीतला मंदिर में पूजा के दौरान मची भगदड़, 8 की मौत
बिहार के नालंदा जिले के मघड़ा गांव स्थित मां शीतला मंदिर में पूजा
बिहार के नालंदा जिले के मघड़ा गांव स्थित मां शीतला मंदिर में पूजा के दौरान मची भगदड़ ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. अत्यधिक भीड़ के कारण हालात अचानक बेकाबू हो गए, और इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया है, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर परिजन रोते-बिलखते नजर आए, उनके चेहरों पर अपनों को खोने का गहरा दर्द साफ झलक रहा है। यह हादसा कई घरों के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गया है। श्रद्धा और आस्था के साथ मंदिर पहुंचे लोग यह नहीं जानते थे कि यह दिन उनके जीवन का सबसे दुखद दिन बन जाएगा। अब हर तरफ सिर्फ चीख-पुकार, आंसू और गम का माहौल है, जबकि लोग इस घटना को लेकर प्रशासन से जवाब भी मांग रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और हालात को काबू में करने का प्रयास शुरू कर दिया गया। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है, जबकि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के लिए 6 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है।




