VIDEO : षड्यंत्र रचकर मजदूरों को सड़कों पर लाया गया: Noida CP Laxmi Singh ने Labour Protest में जताई साजिश
उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र नोएडा से राहत भरी खबर सामने आ रही है। पिछले कुछ दिनों से जारी श्रमिक हलचल के बाद अब स्थिति सामान्य होने की दिशा में है। गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने ताजा अपडेट देते हुए बताया है कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन की ओर से श्रमिकों के साथ किए गए निरंतर संवाद का सकारात्मक असर दिख रहा है, जिसके परिणामस्वरूप श्रमिक स्वेच्छा से अपने काम पर वापस लौट रहे हैं और औद्योगिक क्षेत्रों की फैक्ट्रियां दोबारा संचालित होने लगी हैं। हालांकि, शांति भंग करने वालों और अफवाह फैलाने वालों को पुलिस किसी भी कीमत पर बख्शने के मूड में नहीं है। पुलिस कमिश्नर ने खुलासा किया कि हिंसा भड़काने में इस्तेमाल किए गए कई व्हाट्सएप अकाउंट्स को ट्रेस किया गया है और उनके संचालकों के खिलाफ जांच जारी है। उपद्रव करने और कानून को हाथ में लेने वालों पर अब तक 12 से अधिक मुकदमे (FIR) दर्ज किए जा चुके हैं। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जायज मांगों पर संवाद के द्वार हमेशा खुले हैं, लेकिन हिंसा और बाहरी तत्वों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

